Tuesday, November 13, 2018

टीचर ने होलोग्राम में बनी काल्पनिक गायिका से शादी पर खर्च कर दिए 13 लाख रुपए

जापान में एक स्कूल टीचर ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस होलोग्राम से शादी कर ली। 35 साल के आकिहिको कोंदो ने वेडिंग सेरेमनी पर 13 लाख रुपए खर्च कर दिए। हालांकि, इसमें उनकी मां और करीबी रिश्तेदारों ने आने से इनकार कर दिया। इसके बावजूद करीब 40 मेहमान उनकी शादी के गवाह बने।

दरअसल, कोंदो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से चलने वाली 16 साल की काल्पनिक गायिका मिकू-सान के होलोग्राम (छायाचित्र) से प्यार हो गया। इसका आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सॉफ्टवेयर उन्होंने अपने कम्प्यूटर में लंबे समय से रखा था।

ये किरदार कभी मरते नहीं

कोंदो का कहना है कि वे 3-डी में दिखने वाली महिला के साथ जीवन बिताकर खुशी महसूस करेंगे, क्योंकि होलोग्राम में नजर आने वाले ऐसे किरदार न तो धोखा देते हैं, न बूढ़े होते हैं और न ही मरते हैं। एक असल लाइफ पार्टनर में यह खूबियां होना नामुमकिन है। यही वजह है कि उन्होंने इस पर मां की नाराजगी को भी नजरअंदाज कर दिया।

शादी को कानूनी मान्यता मिलना मुश्किल

कोंदे ने बताया कि उनकी काल्पनिक पत्नी उन्हें हर सुबह उठाती है। शाम को जब घर लौटते हैं तो उनके लिए लाइट जला देती है। सोने का वक्त भी याद दिलाती है। कोंदे बिस्तर पर सॉफ्टवेयर जैसी दिखने वाली डॉल के साथ ही सोते हैं। उनकी शादी को कानूनी मान्यता मिलना मुश्किल है। हालांकि, वे इसकी परवाह नहीं करते।

डॉल के लिए खरीदी अंगूठी

कोंदे मिकू को अपने साथ एक ज्वैलरी शॉप भी ले गए, जहां उन्होंने उसके लिए अंगूठी खरीदी। मिकू वाले होलोग्राम डिवाइस बनाने वाली कंपनी एंड गेटबॉक्स ने कोंदो और मिकू की शादी का मैरिज सर्टिफिकेट भी जारी किया है। कंपनी का कहना है कि वह काल्पनिक किरदारों से मनुष्य के प्रेम को काफी गहराई से समझती है। 

जापान में बढ़ रही अविवाहितों की संख्या
जापान में 1980 के दौर में जहां 50 में से सिर्फ एक पुरुष ही शादी नहीं करता था। अब हर चार में से एक पुरुष जीवनभर अविवाहित रहना पसंद करता है।

No comments:

Post a Comment